देश में कोरोनावायरस के मामले सामने आने के बाद अब देश भर में डर का माहौल है। ऐसे में दिल्ली सरकार ने राज्य के सभी प्राइमरी स्कूलों को 31 मार्च तक के लिए बंद करने का ऐलान किया हैं। इस बार में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर जानकारी दी है। इसके साथ ही दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी आदेश के बाद केंद्रीय विद्यालय संगठन ने भी दिल्ली संभाग के स्कूल 31 मार्च तक बंद करने का फैसला किया है।
बायोमैट्रिक अटेंडेंस पर रोक
इससे पहले कोरोनावायरस के बढ़ते खतरे के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने जरूरी कदम उठाए हैं। अब दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले सरकारी दफ्तरों में बायोमैट्रिक अटेंडेंस की जरूरत नहीं रहेगी, ताकि इस बीमारी से बचाव किया जा सके।
देश के 6 शहरों में मिले 30 कोरोनावायरस संक्रमित
- केरल के 3 मरीज : ये चीन के वुहान से लौटे थे। इनमें फरवरी में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अब ये पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
- दिल्ली का 1 मरीज : ये इटली से भारत लौटा था। इसका इलाज किया जा रहा है।
- आगरा के 6 मरीज : इटली से दिल्ली लौटा संक्रमित व्यक्ति आगरा में अपने 6 रिश्तेदारों से मिला। इसलिए ये संक्रमित हुए।
- तेलंगाना का 1 मरीज : ये भी इटली से लौटा था। इसके संपर्क में आए 88 मरीजों को निगरानी में रखा गया।
- जयपुर के 17 मरीज : इनमें से 16 मरीज इटली से आए थे और राजस्थान के 6 जिलों में 8 दिन तक घूमे थे। एक भारतीय ड्राइवर इनके साथ था, जो इन्हें अलग-अलग जगहों पर लेकर गया था। इस तरह कुल 17 लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है। इनका दिल्ली में आईटीबीपी कैम्प में इलाज चल रहा है। इनमें से एक मरीज जयपुर के जिस अस्पताल के आईसीयू में भर्ती था, वहां 60 अन्य मरीज भी थे। इन मरीजों को भी संक्रमण हो सकने के खतरे की वजह से अलग रखा गया है और निगरानी की जा रही है।
- गुड़गांव का 1 मरीज : पेटीएम कंपनी का एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया।
- उत्तर प्रदेश में 1 मरीज: गाजियाबाद में एक व्यक्ति में पुष्टि हुई है।